4 पिस्टल के सााथ राजस्थान का बदमाश गिरफ्तार
खरगोन। पड़ोसी राज्य राजस्थान से जिले में अवैध हथियार खरीदने आया एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने आरोपी से 4 पिस्टलें बरामद कर गिरफ्तार किया है। आरोपी आदतन अपराधी होकर इसके खिलाफ राजस्थान के कई थानों में पूर्व से भी कई अपराधिक प्रकरण दर्ज है। थाना गोगावां पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर की सूचना पर दसनावल के पास रोड पर निगरानी रखी गई। यहां ग्राम बिलाली तरफ पैदल.पैदल जा रहे युवक को रोका गया। उसके पास मिले बेग को चेक करने पर उसमें 4 देशी पिस्टल मिली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम उत्तम कुमार पिता पन्नाराम निवासी 914 कुम्हारो व घान्चियो का वास नारलाई पाली राजस्थान का बताया। उतम से एक लाख रुपए कीमत की 4 पिस्टलें बरामद कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की रिमांड लेकर उक्त हथियार किससे खरीदे और कहां इस्तेमाल किए जाने थे इसकी पूछताछ की जाएगी। अपराधिक रिकार्ड खंगालने पर उत्तम के खिलाफ बाली , पिंडवाडा राजस्थान, एलटी मार्ग मुंबई सीटी में विभिन्न धाराओं में पूर्व से भी अपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए है।
बलात्कार करने वाले को 10 साल की सजा
खरगोन। विवाहिता को धमकाने के बाद बलात्कार करने वाले आरोपी को भीकनगांव न्यायालय ने दोष सिद्ध होने पर 10 साल की सजा ओर अर्थदण्ड से दण्डित किया है। एडीपीओ गजानंद खन्ना ने बताया कि 21 दिसंबर 2021 को अभियोक्त्री ने थाना भीकनगांव पर अपने माता-पिता के साथ आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, उसकी शादी 6 महीने पहले हुई थी और वह अपने माता.पिता के घर आई थी। 20-21 दिसंबर की रात जब वह सो रही थी, इसी दौरान रात करीब 2 बजे एक आदमी उसके पास आकर सो गया। नींद खुलने पर देखा तो वह गंगाराम उर्फ गंगु था। उसके हाथ में दराता था, उसने दराता दिखाकर मुंह दबाया और जबरदस्ती गलत काम किया। पुलिस ने संपूर्ण अनुसंधान पश्चात अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां अतिरिक्त जिला न्यायालय किशोर कुमार निनामा भीकनगांव के न्यायालय ने आरोपी गंगाराम को दोषी मानते हुए 10 वर्ष का कारावास व 2 हजार रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया।
4 माह से फरार गांजे का सप्लायर गिरफ्तार
खरगोन। पिछले चार माह से पुलिस को छका रहा गांजे का सप्लायर अंतत: पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने ईनामी आरोपी को धार जिले के मनावर से गिरफ्तार किया है। बड़वाह थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 18 फरवरी को अस्तरिया फाटे के पास महेश्वर रोड़ से आरोपी राजू पिता हुकुम चंद वर्मा निवासी ग्राम बड़दिया को 900 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई थी। पूछताछ में यह गांजा दिनेश पिता सुभान वास्कले निवासी उदियापुरा मनावर द्वारा सप्लाय करने की जानकारी मिली थी। इस पर दिनेश को गिरफ्तार करने पुलिस पहुंची थी लेकिन वह फरार हो गया था। इस पर एसपी धर्मराज मीना ने दिनेश की गिरफ्तारी पर 5000 रुपए का ईनाम भी उद्घोषित किया था। दिनेश की निगरानी रखी जा रही थी, इसी के चलते चार माह बाद वह मनावर से पकड़ा गया।
Comments
Post a Comment